Patna: बक्सर में बाइक सवार चार अपराधियों ने पूर्व मुखिया के बेटे को गोलियों से छलनी कर दिया है। करहंसी पंचायत के पूर्व मुखिया धर्म कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह के बेटे दिग्विजय सिंह (35 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी है।
घटना को उस वक्त अंजाम दिया गया, जब दिग्विजय हार्वेस्टर से खेतों में धान की कटनी करा रहे थे। तभी दो बाइकों पर सवार चार की संख्या में पहुंचे अपराधियों ने दिग्विजय को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। दो गोलियां दिग्विजय के पेट में, दो पैर में और दो गोलियां सिर में लगीं। घटना को अंजाम देकर अपराधी भाग निकले। बाद में स्थानीय लोगों ने दिग्विजय को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद लोगों ने की सड़क जाम
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने सदर अस्पताल के पास सड़क जाम कर दी है। जाम कर रहे लोगों का कहना है कि पुलिस इतना निष्क्रिय हो गई है कि अब अपराधी बेलगाम हो गए हैं। अपराधियों में कानून व्यवस्था को लेकर जरा भी खौफ नहीं है। यही वजह है कि आए दिन आपराधिक घटनाएं हो रही हैं।
तीन बार मुखिया रह चुके हैं धर्म कुमार उर्फ मुन्ना सिंह
पूर्व मुखिया धर्म कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह तीन बार पंचायत के मुखिया रह चुके हैं। दिग्विजय उनका इकलौता पुत्र है। उसकी हत्या किन कारणों से हुई है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। बताया जा रहा है कि मुखिया की ही तरह उनका पुत्र भी मिलनसार स्वभाव का था। अब ऐसे में हत्या किस कारण से की गई है, यह पता नहीं चल सका है। घटना की सूचना मिलने के बाद मुफस्सिल थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंच चुकी है।