New Delhi: किसान आंदोलन के कारण हरियाणा के निर्दलीय विधायक सोमवीर सांगवान ने हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन पद से इस्तीफा दे दिया है। वह सांगवान खाप के प्रधान है। उन्होंने चरखी दादरी में हुई सांगवान खाप की पंचायत में यह ऐलान किया। सांगवान खाप कल से दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में शामिल होगी।
सोमबीर सांगवान दादरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। आज दादरी में सांगवान खाप की पंचायत हुई। इसमें फैसला किया गया कि खाप के लोग 1 दिसंबर से किसानों के समर्थन में दिल्ली के लिए कूच करेंगे। उनका नेतृत्व खाप के प्रधान सोमवीर सांगवान करेंगे। इसके बाद सोमवीर सांगवान ने हरियाणा पशुधन विकास बोर्ड के चेयरमैन पद से इस्तीफा देने की घोषणा कर दी।
सोमवीर ने कहा विधायक रहते हुए वह भाईचारे के लिए अंतिम सांस तक लड़ाई लड़ने को तैयार हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए किसी भी पद से बड़ा समाज और लोगों का हित है। वह भाईचारे को कायम रखने के लिए सदैव तत्पर हैं और हर कदम उठाने को तैयार हैं।
सांगवान खाप की पंचायत में किसानों के आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा हुई और फैसला किया गया कि खाप किसान आंदोलन में हिस्सा लेगा। खाप के लोग दिल्ली में चल रहे किसान आंदोलन में 1 दिसंबर से भाग लेंगे। इसके लिए खाप का जत्था सोमवीर सांगवान के नेतृत्व में मंगलवार सुबह दिल्ली के लिए कूच करेगा। बता दें कि हरियाणा के खापों ने दिल्ली में चल रहे किसानों के धरने में शामिल होने का फैसला किया है।