मुंबई में भी दिखा डर का माहौल, केवल 60 प्रतिशत टिकटों की हुई बुकिंग
इस बीच फिल्म को लेकर जारी बवाल के मद्देनज़र मल्टीप्लेक्स एसोसिएशन ऑफ़ इंडिया ने राजस्थान, गुजरात, मध्य प्रदेश और गोवा में फिल्म न दिखाए जाने का फैसला किया है। बता दें कि ये एसोसिएशन देश की 75 प्रतिशत मल्टीप्लेक्स मालिकों का प्रतिनिधित्व करता है।
पद्मावत विरोध को लेकर करणी सेना भी मतभेद सामने आने लगे हैं। अहमदाबाद हिंसा के बाद सरकार ने भी अलग अलग राजपूत ग्रुपों के साथ बैठक की। इसमें राजपूत करणी सेना के अध्यक्ष राज शेखावत ने ये एलान किया कि वो कल भारत बंद के ऐलान को अपना समर्थन नहीं देते हैं।
वहीं करणी सेना के लोकेन्द्र सिंह कल्वी गुट के अर्जुन सिंह गोहिल का कहना है कि कल का बंद जारी रहेगा। वहीं गुजरात सरकार ने पूरी सुरक्षा व्यवस्था का ऐलान किया है। गृहमंत्री प्रदीप सिंह जाडेजा के अनुसार सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।
महाराष्ट्र और मुंबई के कुछ हिस्सों में भी डर का माहौल है। मुंबई के मराठा मंदिर में लोगों ने बुकिंग भी कम की है। अब तक 60 से 70 % बुकिंग हुई है। मध्यप्रदेश के भोपाल में एक सिनेमाघर के बाहर कार फूंकने का मामला सामने आया है। मामला ज्योति सिनेप्लेक्स के बाहर का बताया जा रहा है। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।