Patna: आरा में अपराधियों ने RJD नेता रवि यादव की हत्या कर शव को चंवर में फेंक दिया। गुरुवार को रामडीहरा गांव के पास शव बरामद हुआ है। घटना गड़हनी की है, जहां वारदात से आक्रोशित लोगों ने आरा-पीरो सासाराम मुख्य मार्ग को लगभग आधे घंटे से जाम कर रखा है। पुलिस के अनुसार घटनास्थल से तीन खोखा बरामद हुआ है जबकि गोली RJD नेता के सिर में मारी गई है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस वहां पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई। रवि यादव आयर थाना क्षेत्र के भेड़री गांव निवासी हरिद्वार यादव का बेटा था। पूर्व में वह भेड़री पंचायत से मुखिया पद के लिए खड़ा हुआ था, लेकिन हार गया था। हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है लेकिन पुलिस की पड़ताल जारी है। इधर, आरा के ही बहोरनपुर में आपसी विवाद में दो गुटों में जमकर गोलियां चलीं, जिसमें 3 लोग घायल हो गए तो वहीं किशनगंज में एक शव झाड़ी से बरामद हुआ है।

श्राद्ध कर्म से लौटने के दौरान हुई वारदात
रवि यादव की हत्या तब हुई जब वह बुधवार को एक JDU नेता के श्राद्ध कर्म से लौट रहे थे। रामडीहरा गांव के पास बाइक सवार नेता को रोक कर अपराधियों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। हत्या के बाद शव को बगल के ही एक चंवर में फेंक दिया। गुरुवार की सुबह आस-पास के लोगों ने जब देखा तो इसकी सूचना परिजनों को दी। रवि यादव के सिर में गोली लगी है। परिजनों ने बताया कि कल रवि यादव एक JDU नेता के श्राद्ध कर्म में शामिल होने गए थे, वहां से लौटते वक्त उनकी हत्या हो गई। शव मिलने के बाद राजद समर्थक लगातार सड़क जाम कर प्रदर्शन कर रहे हैं। रवि यादव की इसी साल शादी हुई थी और उसकी पत्नी गर्भवती है।