New Delhi: राजधानी रांची के समीपवर्ती खूंटी क्षेत्र से खौफजदा करने वाली खबर है। यहां के काला माटी के समीप गांव की छह बच्चियों के साथ छेड़छाड़, दुष्कर्म का प्रयास और इनमें से दो बच्चियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म की शर्मनाक घटना हुई है। अब तक की जानकारी के मुताबिक सभी छह बच्चियां रंग राड़ी मेला देखकर अपने गांव वापस लौट रही थीं। रास्ते में उनके साथ दुष्कर्म की घटना घटी है। मामले को लेकर काला माटी में खुदी पंचायत के मुखिया हरमन के घर में पूरे गांव के लोग जुटे हुए हैं। खूंटी पुलिस मौके पर पहुंच कर घटना की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक खूंटी के रंगराड़ी मेला से लौट रही छह किशोरियों में दो बच्चियों से बदमाशों के सामूहिक दुष्कर्म की बात कही जा रही है। जबकि चार ने छेड़छाड़ के बाद किसी तरह भागकर और झाड़ियों में छिपकर अपनी अस्मत बचाई। सामूहिक दुष्कर्म यह घटना बुधवार रात की है। घटना के बाद पूरे गांव में आक्रोश है। लोग ग्राम पंचायत के मुखिया के घर पर जुटे हैं। घटना से आक्रोशित सैकड़ों लोग मामले को लेकर पंचायत कर रहे हैं। खूंटी पुलिस सामूहिक दुष्कर्म के इस शर्मनाक घटना की जांच में जुटी है। विस्तृत विवरण की प्रतीक्षा की जा रही है।