परिजनों ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया, पुलिस के अनुसार पीड़िता ने स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या की…

मीनाक्षी मिश्रा
अमेठी। हमारी सरकारें एक ओर महिला सुरक्षा के अनेक दावे करती हैं, किन्तु महिला उत्पीड़न थमने का नाम नही ले रहा है।
दहेज़ के लोभी दरिंदों की भेंट चढ़ने से रोकने के लिये सरकार ने अनेक सख्त कानून बनाये किन्तु लचर पुलिसिया व्यवस्था के चलते दहेज उत्पीड़न के मामले रुकने की बजाय बढे हैं।
ताजा मामला जनपद अमेठी के विधानसभा गौरीगंज के अंतर्गत आने वाले ओरिपुर गांव का है। जहाँ पर एक और विवाहिता के सपने चकनाचूर हो गये। और आख़िरकार उसकी सांसों का सौदा करते हुए हत्यारों ने उसे मौत को गले लगाने को मजबूर कर दिया।
दरअसल लजिना का विवाह कयूम उर्फ़ बबलू से आठ महीने पहले हुआ था। किन्तु मायके वालों के अनुसार ससुराल पक्ष के लोग विवाह में मिले दहेज से संतुष्ट नही थें। जिसके चलते पति आये दिन मृतका के साथ मार पीट करता था। परिजनों के अनुसार पति ने दो दिन पूर्व भी मृतका के साथ दहेज के लिए मारपीट की थी। वहीं विवाहिता उसके पश्चात अपने घर में फांसी के फंदे पर झूलती पायी गयी।
मृतका के परिजनों ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं पुलिस के अनुसार पीड़िता ने स्वयं फांसी लगाकर आत्महत्या की है।
Hindi News से जुड़े अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक पर ज्वॉइन करें, ट्विटर पर फॉलो करें।