तकनीकी फाल्ट से 20 दिन से पानी की सप्लाई है बंद, गांव वाले ढूंढ रहे हैं जलकल कर्मचारियों को…
वाराणसी: जंसा थानाक्षेत्र के चौखंडी स्थित हाथी बरनी ग्राम समूह पेयजल योजना का बुरा हाल है। आलम यह है कि तकनीकि खराबी के चलते काफी दिनों से पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी हुई है। यही नहीं अब तो जल निगम वाले छुपकर ड्यूटी करने को मजबूर हैं, क्योंकि 50 गांव के लोग उन्हें ढूंढते फिर रहे हैं।
बताया गया कि हाथी बरनी ग्राम समूह पेयजल योजना में पानी सप्लाई करने वाला मोटर पिछले 20 दिनों से जला हुआ है। इसके चलते हाथी, भाऊपुर, देहली विनायक, अमरीपुर, खरगुपुर, बरनी पट्टी सहित पचास गाँव के लोग पेयजल संकट से जूझ रहे हैं।
अब तो जल निगम कार्यालय पर उपस्थित कर्मचारियों से आये दिन ग्रामीणों की तू-तू मैं-मैं भी होने लगी है। यहां तक कि जल निगम कर्मचारी आजकल इधर-उधर हट-बढ़कर अपनी ड्यूटी कर रहे हैं। कर्मचारियों की मानें तो उन्हें डर के साये में ड्यूटी करना पड़ रहा है। ये डर बना हुआ है कि कहीं नाराज ग्रामीणों से कुछ कहासुनी या बवाल न हो जाये।
जल निगम कर्मचारियों की मानें तो मोटर जलने की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जा चुकी है। जबकि जल निगम के सहायक अभियंता अमित कुमार का कहना है की मोटर जलने की जानकारी उनके पास तक नहीं आयी है। उन्होंने बताया कि अगर मोटर जला है, तो मैं जल्द से जल्द इसे सही कराके लगवाने की व्यवस्था करूंगा। अधिकारी ने आश्वस्त किया है कि जल्दी ही गांवों में पेयजल की आपूर्ति शुरू हो जाएगी।