New Delhi: यमुना एक्सप्रेस वे पर जीरो पॉइंट से 32 किलोमीटर पर एक और हादसा हुआ है। इस हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। यह जेवर कोतवाली क्षेत्र की घटना है। सुबह से अब तक यमुना एक्सप्रेस वे पर दो अलग-अलग हादसों में 6 लोगों की मौत हो चुकी है। दोनों व्यक्ति बोलेरो पिकप गाड़ी में सवार थे। विपरीत दिशा से आ रही डबल डेकर बस ने बोलेरो में टक्कर मार दी, जिसमें दोनों की मौत हो गई। इनमें 1. पप्पू पुत्र राजदेव प्रसाद उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम पचलक, थाना खिजर, जिला गया (बिहार) 2. धनंजय कुमार पुत्र रनविजय शर्मा उम्र 50 वर्ष निवासी सी/ओ इंडियन आर्मी, ओटीए गया कैन्ट (बिहार)
इससे पहले शनिवार को ही यमुना एक्सप्रेस वे पर जीरो पॉइंट से दो किलोमीटर पहले पेट्रोल पंप के सामने तेज रफ्तार इनोवा कार पीछे से रोडवेज बस में जा घुसी। हादसे में इनोवा सवार चार युवकों की मौके पर मौत हो गई जबकि उनका एक साथी गंभीर रूप से घायल हो गया उसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। सभी युवक आगरा से शादी समारोह से वापस नोएडा लौट रहे थे।
बीटा दो कोतवाली पुलिस ने बताया कि इनोवा सवार पांच दोस्त शादी समारोह में गए थे देर रात वह वहां से वापस लौट रहे थे तभी यमुना एक्सप्रेस वे पर तेज रफ्तार में उनकी कार पीछे से रोडवेज बस में जा घुसी।
हादसे में आशीष चौहान, आलोक गुप्ता, मणिकंदन माइकन व फिरोज की मौके पर मौत हो गई। वही उनका साथ ही 22 वर्षीय प्रिंस पाल हादसे में घायल हो गया जिसका इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद एक्सप्रेस वे पर यातायात बाधित रहा लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। पुलिस ने बताया कि आशीष गाजियाबाद आलोक हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले थे वही मणिकंदन मूल रूप से महाराष्ट्र के थे जबकि फिरोज आगरा के रहने वाले थे। पुलिस ने आशंका व्यक्त की है कि तेज रफ्तार में चालक को झपकी आने के चलते हादसा हुआ है। हादसा इतना भयानक था कि कटर की मदद से इनोवा के एक हिस्से को काट कर शव को बाहर निकाला गया।
राजेश कुमार सिंह(डीसीपी ग्रेटर नोएडा) ने कहा, ‘तेज रफ्तार के चलते हादसा हुआ है जिसमें 4 लोगों की मौत हुई है एक युवक गंभीर रूप से घायल है उसका उपचार चल रहा है।’