Patna: भोजपुर में अपराधी बेखौफ होकर वारदात को अंजाम दे रहे हैं। मंगलवार को महज आधे घंटे के अंतराल पर शहर के अलग-अलग इलाकों में अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की, जिसमें 6 लोग घायल हैं। एक की स्थिति गंभीर है। नवादा में दोस्त से मिलने जा रहे एक युवक को जहां अपराधियों ने गोली मार दी वहीं, बिहियां में भी दिनदहाड़े गोली चली। घर के बाहर दालान साफ कर रहे एक युवक को गोली मारी और फरार हो गए। इधर, गड़हनी में आपसी विवाद में गोलीबारी की सूचना है, जिसमें एक युवक के सिर में छर्रा लगा है। उसकी स्थिति गंभीर बताई जा रही है जबकि वारदात में दो अन्य लोग घायल हैं। घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है।
गड़हनी में बीचबचाव करने आए युवक के सिर में लगा छर्रा, हालत गंभीर
गड़हनी के पोसवा में दो गुटों के आपसी विवाद में बीचबचाव करने आए एक युवक को गोली लग गई। मंगलवार को पोसवा में आपसी विवाद चल रहा था, जिसमें जमकर मारपीट के बाद गोलियां चलने लगी। इसी बीच गांव के राजनारायण सिंह के पुत्र सोनू सिंह बीचबचाव के लिए आ गया। इसी बीच एक गुट ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें एक गोली उसके बाजू में लगी जबकि एक छर्रा उसके सिर घुस गया। आनन-फानन में लोग उसे सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई है। फिलहाल उसका इलाज चल रहा है। दो अन्य लोग मृत्युंजय सिंह और मुकेश सिंह को भी छर्रा लगा है।

दोस्त से मिलने जा रहा था अहम, रास्ते में अपराधियों ने मारी गोली
नवादा में अहम यादव (18 साल) अपने दोस्त से मिलने विष्णुनगर पानी टंकी मोहल्ला जा रहा था। रास्ते में ही कुछ बदमाश उसे घेरकर मारपीट करने लगे। बचने के लिए जब वह भागने लगा तो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फारयरिंग शुरू कर दी। इसमें उसे दो गोलियां लग गई। इसी दौरान एक राहगीर के पैर में भी गोली लग गई, जिससे वह वहीं गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने जब देखा तो आनान फानन में दोनों को लेकर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। घायल की पहचान गांधीनगर निवासी अशोक यादव के पुत्र अहम यादव के रूप में की गई है। राहगीर सत्येंद्र भी फिलहाल अस्पताल में भर्ती है।

दालान साफ कर रहा था निरंजन, 2 लोग आए और दो गोली दाग दी
बिहियां में जमीनी विवाद में गोलियां चलीं। कर्जा गांव निवासी भगवान यादव का पुत्र निरंजन कुमार यादव घर के बाहर अपना दालान साफ कर रहा था। इसी दौरान अचानक दो लोग आए और फायरिंग शुरू कर दी और फरार हो गए। इसमें निरंजन के एक बाजू और एक हाथ में गोली लगी। घटना के बाद आस-पास खड़े लोगों ने जैसे देखा तो उसे उठाकर सदर अस्पताल इलाज के लिए सदर अस्पताल ले गए। वहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस वहां पहुंची और मामले की तफ्तीश में जुट गई।